नई दिल्ली। त्रिलोकपुरी मेट्रो स्टेशन के सर्वर रूम में सोमवार सुबह अचानक आग लग गई। इससे मेट्रो स्टेशन में यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल हो गया। मामले की सूचना मिलते ही दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने दो घंटे के भीतर आग पर काबू पाया। घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। इसके कारण त्रिलोकपुरी-संजय लेक मेट्रो स्टेशन के बीच करीब पांच घंटे तक मेट्रो परिचालन प्रभावित रहा।
दमकल विभाग के अनुसार सोमवार सुबह 11 बजकर 10 मिनट पर आग लगने के बारे में सूचना मिली थी। सूचना के बाद दमकल की चार गाड़ियों को
मौके पर भेजा गया। दमकल अधिकारी के अनुसार आग मेट्रो स्टेशन के सर्वर रूम में लगी थी। दमकलकर्मियों ने दोपहर एक बजकर 10 मिनट पर आग पर काबू पाया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल मेट्रो पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।
वहीं दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) के अनुसार, आज सुबह त्रिलोकपुरी-संजय लेक मेट्रो स्टेशन पर एक तकनीकी कमरे में धुआं देखा गया। इसके कारण दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन (मजलिस पार्क से शिव विहार) पर त्रिलोकपुरी-संजय लेक स्टेशन के बीच दोनों दिशाओं में ट्रेन सेवा 25 किलोमीटर प्रति घंटे की सीमित गति से चलाई गईं। पिंक लाइन के बाकी हिस्सों में ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से चलती रही। प्रभावित हिस्से में शाम 4:25 बजे सामान्य स्थिति को बहाल कर दिया गया।
