केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश में बाढ़ प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा के लिए नई दिल्ली में एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में श्री शाह ने देश में बाढ़ की समस्या को कम करने के लिए किए जा रहे दीर्घकालिक उपायों और पिछले वर्ष हुई बैठक में लिए गए निर्णयों पर उठाए गए कदमों की समीक्षा की।
गृह मंत्रालय ने कल एक बयान में कहा कि श्री शाह ने बैठक में बाढ़ प्रबंधन के लिए सभी एजेंसियों द्वारा अपनाई गई नई प्रौद्योगिकियों और उनके नेटवर्क के विस्तार पर चर्चा की।
श्री शाह ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत का आपदा प्रबंधन शून्य हताहत दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) को राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरणों (एसडीएमए) और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरणों (डीडीएमए) के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया ताकि जमीनी स्तर पर प्रारंभिक चेतावनी अलर्ट का प्रसार सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने एनडीएमए और एनडीआरएफ को राज्यों के साथ पूर्ण समन्वय में कुशल बाढ़ प्रबंधन की दिशा में काम करने को कहा।
श्री शाह ने बाढ़ नियंत्रण और जल प्रबंधन के लिए विभिन्न केंद्रीय एजेंसियों द्वारा अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के अधिकतम उपयोग पर भी जोर दिया। शहरी क्षेत्रों में बाढ़ की बढ़ती घटनाओं का जिक्र करते हुए श्री शाह ने सभी केंद्रीय एजेंसियों को इन शहरों में बाढ़ नियंत्रण के लिए आवश्यक, समय पर कार्रवाई करने और बड़े शहरों में बाढ़ प्रबंधन के लिए एक व्यापक योजना तैयार करने का निर्देश दिया।
