केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को लखनऊ में एक भव्य समारोह में उत्तर प्रदेश पुलिस के 60,244 नवनियुक्त कांस्टेबलों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे, जो राज्य की कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कांस्टेबलों की सीधी भर्ती के लिए कुल 60,244 पदों में से 12,048 पद महिलाओं के हैं। यह पहली बार है जब किसी सुरक्षा बल में इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं को नियुक्ति पत्र मिलेगा।
केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे से पहले योगी आदित्यनाथ ने कल लखनऊ के डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। डीजीपी राजीव कृष्ण ने बताया कि बड़े पैमाने पर होने वाले कार्यक्रम में राज्य के सभी 75 जिलों से रिक्रूट जुटेंगे। अभ्यर्थियों के सुचारू आगमन के लिए व्यापक व्यवस्था की गई है। श्री कृष्ण ने बताया कि सभी चयनित अभ्यर्थियों को उच्च तकनीक प्रशिक्षण दिया जाएगा और उन्हें उत्तर प्रदेश पुलिस बल के अभिन्न सदस्य के रूप में शामिल किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा 12,048 महिला कांस्टेबलों सहित कुल 60,244 कांस्टेबलों की भर्ती की गई, जिसमें 60,000 पदों के लिए 48 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए।
