ईरान और इजरायल लगातार पांचवें दिन भी हमले कर रहे हैं, जिसमें फ्लैशपॉइंट क्षेत्रों में नागरिकों को हमलों का सामना करना पड़ रहा है। तेल अवीव और यरुशलम में विस्फोटों की आवाज़ सुनी गई, जबकि इजरायली सेना ने कहा कि ईरान ने मिसाइलों की एक नई लहर लॉन्च की है। इजरायल की सेना ने दावा किया कि उसने रात भर के हमले में ईरान के युद्धकालीन चीफ ऑफ स्टाफ और सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के करीबी सहयोगी अली शादमानी को मार गिराया है।
ईरान ने इजरायली हमलों के जवाब में दो मिसाइलें दागीं, जिससे मध्य और उत्तरी इजरायल के कुछ हिस्सों में तड़के हवाई हमले की चेतावनी जारी हो गई। ईरानी मीडिया ने बताया कि इजरायली धरती पर सबसे बड़े और सबसे तीव्र मिसाइल हमले की तैयारी चल रही है।
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने घोषणा की कि उसने तेल अवीव में इजरायली खुफिया सुविधाओं पर सफलतापूर्वक हमला किया, जिसमें मोसाद ऑपरेशनल सेंटर भी शामिल है। IRGC ने बताया कि मध्य इजरायल पर बैलिस्टिक मिसाइल हमलों की लहर के दौरान दो उच्च-स्तरीय खुफिया सुविधाओं को निशाना बनाया गया, जिसमें हर्ज़लिया, रमत हाशारोन और राआना में विस्फोटों की पुष्टि हुई। इजरायली मीडिया ने पुष्टि की कि कम से कम पांच मिसाइलों ने तेल अवीव महानगरीय क्षेत्र में लक्ष्यों को निशाना बनाया, जिसमें एक बड़े कमांड सेंटर या गोदाम सुविधा को नुकसान पहुंचने का संकेत दिया गया।
इससे संबंधित घटनाक्रम में, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि वह ईरान और इजरायल के बीच युद्ध विराम से बेहतर कुछ चाहते हैं। श्री ट्रम्प ने कहा कि वह संघर्ष का वास्तविक अंत चाहते हैं। अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने मध्य पूर्व में अतिरिक्त रक्षात्मक क्षमताओं की तैनाती का आदेश दिया है।
हालांकि, चीन ने आज अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर आरोप लगाया कि वे अपनी टिप्पणियों से ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते संघर्ष की आग को हवा दे रहे हैं। इससे पहले ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में ईरान की राजधानी तेहरान के निवासियों को तुरंत वहां से निकल जाने की चेतावनी दी थी।
