दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आआपा की विधायक आतिशी ने शु्क्रवार को दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से कथित दिल्ली कक्षा निर्माण घोटाले में इडी के पूछताछ की आलोचना की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार आआपा के नेताओं को परेशान करने का काम कर रही है।
कथित दिल्ली कक्षा निर्माण घोटाला मामले पर पार्टी कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए आतिशी ने कहा कि फर्जी कक्षा घोटाला मामले में पूछताछ के लिए पूर्व मंत्री मनीष सिसोदिया को बुलाया गया था। यह भाजपा द्वारा आआपा के नेताओं के दायर फर्जी मामला है।
उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में सरकार और इसकी विभिन्न एजेंसियों ने आआपा सदस्यों के खिलाफ दो सौ से अधिक मामले दर्ज किए हैं। लेकिन सभी छापे और जांच के बावजूद उन्हें किसी भी आआपा नेता के पास से एक रुपये का भी भ्रष्ट धन नहीं मिला है।
उन्होंने आआपा संयोजक अरविंद केजरीवाल की जमानत पर सुनवाई के दौरान केंद्रीय जांच एजेंसियों को ‘पिंजरे में बंद तोता’ कहे जाने वाली उच्चतम न्यायालय की टिप्पणी को संस्थानों के राजनीतिक दुरुपयोग का सबूत बताया।
आतिशी ने आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली सरकार शासन करने में असमर्थ है। चाहे वह जलभराव हो, बिजली हो, या स्कूल की बढ़ती फीस हो। हर मोर्चे पर सरकार विफल रही है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि दिल्ली सरकार अपने सभी कार्यों में विफल हो गई हैं। इसलिए अब जनता का ध्यान भटकाने के लिए एक मनगढ़ंत आरोप लगाकर ईडी का दुरुपयोग कर रही है।
