नई दिल्ली। राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान (एनआईईपीवीडी), देहरादून में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, भारत (एनबीटी इंडिया) के पुस्तक स्टॉल का भ्रमण किया।
राष्ट्रीय पुस्तक न्यास के संयुक्त निदेशक (प्रशासन एवं वित्त) राकेश कुमार केंद्रीय मंत्री को न्यास द्वारा प्रकाशित पुस्तकों की व्यापक श्रृंखला, उनके उद्देश्यों और विशेषताओं की जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से दृष्टिबाधित दिव्यांगजनों के लिए प्रकाशित ब्रेल पुस्तकों और राष्ट्रीय बाल पुस्तकालय के अंतर्गत प्रकाशित बाल साहित्य की ओर उनका ध्यान आकर्षित कराया।
डॉ. वीरेंद्र कुमार ने बाल साहित्य में गहरी रुचि दर्शाई और न्यास की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि बालकों के सर्वांगीण विकास में गुणवत्तापूर्ण साहित्य और नियमित पठन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बाल पाठकों के लिए सरल, रोचक और ज्ञानवर्धक सामग्री विकसित करने के प्रयासों को सराहा।
उन्होंने पुस्तक संस्कृति को प्रोत्साहित करने और विशेष रूप से दिव्यांगजनों तक साहित्य पहुँचाने की दिशा में राष्ट्रीय पुस्तक न्यास की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
