केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज से छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे राजधानी रायपुर और राज्य के नारायणपुर जिले में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। हमारे संवाददाता से और अधिक जानकारी:
आकाशवाणी संवाददाता ने खबर दी है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज रायपुर में राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय और केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला के परिसर का शिलान्यास करेंगे। यह फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय लगभग चालीस एकड़ क्षेत्र में लगभग चार सौ करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा। श्री शाह आज नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ और पड़ोसी राज्यों के पुलिस महानिदेशक और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशकों के साथ सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर बैठक करेंगे। एक अन्य बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री वामपंथी उग्रवाद पर सुरक्षा की समीक्षा भी करेंगे। कल अपने छत्तीसगढ़ दौरे के दूसरे दिन केंद्रीय गृह मंत्री बस्तर संभाग के नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र का दौरा करेंगे और वहां ग्रामीणों से बातचीत करेंगे। इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री नारायणपुर जिले के इरकभट्टी क्षेत्र में स्थित सीमा सुरक्षा बल के कैंप का भी दौरा करेंगे और जवानों से बातचीत करेंगे।
