संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने घोषणा की है कि ईरान और इज़राइल पूर्ण और समग्र युद्ध विराम पर सहमत हो गए हैं, जो आने वाले कुछ घंटों में लागू हो जाएगा। यह घोषणा कल रात की गई, कतर में अमेरिकी एयरबेस पर ईरानी मिसाइल हमले के तुरंत बाद।
ट्रुथ सोशल पर एक बयान में ट्रंप ने कहा कि युद्ध विराम तब शुरू होगा जब दोनों देश अपने अंतिम मिशनों को पूरा कर लेंगे। बयान के अनुसार, युद्ध विराम को चरणों में लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युद्ध विराम की शुरुआत ईरान करेगा, उसके बाद 12वें घंटे में इजरायल करेगा और 24वें घंटे में 12 दिन के युद्ध की आधिकारिक समाप्ति पर दुनिया की ओर से सलामी दी जाएगी।
इस बीच, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने इजरायल के साथ युद्ध विराम पर किसी भी समझौते से इनकार किया है। सोशल मीडिया पर पोस्ट में अराघची ने कहा कि हमारे सैन्य अभियानों को रोकने पर अंतिम निर्णय बाद में लिया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि तेहरान का अपनी प्रतिक्रिया जारी रखने का कोई इरादा नहीं है, बशर्ते इजरायल शासन ईरानी लोगों के खिलाफ अपने अवैध आक्रमण को रोक दे।
इस बीच, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स से जुड़ी ईरान की फ़ार्स न्यूज़ एजेंसी ने बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा प्रस्तावित युद्ध विराम योजना पूरी तरह से झूठी है और इसका उद्देश्य जनता का ध्यान भटकाना है। एजेंसी ने यह भी कहा कि ट्रंप के दावों के विपरीत, ईरान को युद्ध विराम के लिए कोई आधिकारिक या अनौपचारिक प्रस्ताव नहीं मिला है।
