मेयर राधाकृष्णन हॉकी स्टेडियम, चेन्नई में चल रहे पहले हॉकी इंडिया मास्टर्स कप 2025 (पुरुष वर्ग) का फाइनल अब करीब है और यह ऐतिहासिक खिताब किसके नाम होगा, इसका फैसला 27 जून को होगा। फाइनल में जगह बनाने वाली दो टीमें हैं- हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु और हॉकी महाराष्ट्र, जिन्होंने अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबलों में शानदार जीत दर्ज की।
पहले सेमीफाइनल में हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु ने हॉकी चंडीगढ़ को 3-0 से हराकर टूर्नामेंट के पहले फाइनलिस्ट बनने का गौरव हासिल किया। तमिलनाडु के लिए विनोथ कुमार ए.पी. ने मैच की पहली ही मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद सुधर्शन एस (40’) और कप्तान एडम एंटनी सिंक्लेयर (54’) ने एक-एक गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित की।
वहीं दूसरे सेमीफाइनल में हॉकी महाराष्ट्र ने हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा को 4-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। महाराष्ट्र के लिए लियोनार्ड कीथ परेरा ने चौथे और 17वें मिनट में दो शानदार गोल किए। इसके अलावा विक्रम पिल्लै (38’) और कार्ल गोम्स (43’) ने भी एक-एक गोल कर टीम की बढ़त को मजबूत किया। ओडिशा की ओर से कप्तान लाजरुस बारला (27’) ने एकमात्र सांत्वना गोल किया।
अब हॉकी चंडीगढ़ और हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा के बीच कांस्य पदक मुकाबला शुक्रवार, 27 जून को सुबह 8:00 बजे खेला जाएगा। इसके बाद फाइनल मुकाबला हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु और हॉकी महाराष्ट्र के बीच शाम 4:00 बजे होगा।
