नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने सोमवार को व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन के ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को व्यापारी कल्याण बोर्ड के गठन के लिए बधाई दी। उन्होंने इसे भाजपा के संकल्प पत्र की पूर्ति की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।
उन्होंने कहा कि भाजपा व्यापारियों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। दिल्ली में गोदामों की जरूरत को पूरा करने से लेकर व्यापारी नेताओं के सम्मान तक, भाजपा उनके हितों की रक्षा करती रहेगी।
सचदेवा ने कहा कि दिल्ली देश का एक बड़ा व्यापारिक केंद्र है और व्यापार से ही सबसे अधिक राजस्व प्राप्त होता है, इसलिए व्यापारियों को प्रोत्साहन मिलना चाहिए। व्यापारी कल्याण बोर्ड के गठन से व्यापार नीति बनाने में व्यापारियों की भागीदारी सुनिश्चित होगी। दिल्ली में थोक व्यापारियों को गोदामों के लिए जमीन नहीं मिल रही है जिससे उन्हें अन्य राज्यों में जमीन ढूंढनी पड़ रही है। भाजपा सरकार और संगठन मिलकर शहरी विकास मंत्री, उपराज्यपाल और डीडीए उपाध्यक्ष से अपील करेंगे कि सोसाइटी के आधार पर बहुमंजिला गोदाम बनाने के लिए व्यापारियों को जमीन दी जाए ताकि व्यापार दिल्ली में ही बना रहे।
उन्होंने कहा कि जिन व्यापारी नेताओं ने दिल्ली के विकास में योगदान दिया है, उनके नाम पर मार्केटों का नामकरण या प्रवेश द्वार बनाए जाने चाहिए। इसके साथ ही मार्केटों की सफाई, पार्किंग और रखरखाव में मार्केट एसोसिएशनों की भूमिका को बढ़ाना चाहिए। भाजपा, दिल्ली सरकार और सांसद मिलकर व्यापारियों की समस्याएं केंद्र सरकार के समक्ष रखने का काम करती रहेगी।
बता दें कि इस कार्यक्रम में कैट महासचिव और सांसद प्रवीण खंडेलवाल, मनोज तिवारी, रामवीर सिंह बिधूड़ी, योगेन्द्र चांदोलिया, कमलजीत सहरावत, बांसुरी स्वराज, दिल्ली सरकार के मंत्री सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा और आशीष सूद, उपमहापौर जयभगवान यादव, स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा मौजूद रहे।
