प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि त्रिनिदाद और टोबैगो में भारतीय समुदाय की यात्रा साहस से भरी है। आज सुबह त्रिनिदाद और टोबैगो में भारतीय समुदाय के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, श्री मोदी ने कहा कि उनके पूर्वजों ने कठिनाइयों का सामना उम्मीद के साथ किया और रामायण को अपने दिल में संजोए रखा। उन्होंने कहा कि वे केवल प्रवासी नहीं थे, बल्कि एक चिरस्थायी सभ्यता के संदेशवाहक थे
प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि त्रिनिदाद और टोबैगो में रहने वाले भारतीय मूल के नागरिक अब ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (ओसीआई) कार्ड के लिए पात्र होंगे, जिससे उन्हें बिना किसी प्रतिबंध के भारत में रहने और काम करने की अनुमति मिलेगी। उन्होंने भारतीय समुदाय को अपने पूर्वजों की भूमि पर जाने और भारत के साथ अपने संबंधों को गहरा करने के लिए प्रोत्साहित किया।
श्री मोदी ने भारतीय समुदाय के सांस्कृतिक योगदान की प्रशंसा की और कहा कि अयोध्या में राम मंदिर की प्रतिकृति और सरयू नदी का पवित्र जल अपने साथ लाना सम्मान की बात है। प्रधानमंत्री ने मंदिर निर्माण के लिए भारतीय समुदाय द्वारा पहले भी ‘शिला’ और पवित्र जल भेजे जाने की याद दिलाई।
प्रधानमंत्री मोदी ने त्रिनिदाद और टोबैगो में रहने वाले भारतीय प्रवासियों की भी प्रशंसा की जिन्होंने भारतीय संस्कृति को जीवित रखा है। उन्होंने कहा कि वे गंगा और यमुना को तो छोड़ गए लेकिन अपने दिल में रामायण को लेकर चले आए।
प्रधानमंत्री कल रात अपने पांच देशों के दौरे के दूसरे चरण के लिए त्रिनिदाद और टोबैगो के पोर्ट ऑफ स्पेन पहुंचे। एक विशेष सम्मान के रूप में, प्रधानमंत्री का पोर्ट ऑफ स्पेन के हवाई अड्डे पर पहुंचने पर त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर ने अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों और कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ स्वागत किया। प्रधानमंत्री को औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ उनका स्वागत किया गया।
सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए श्री मोदी ने कहा कि भारत से कई लोग कई साल पहले त्रिनिदाद और टोबैगो आए थे। इन वर्षों में उन्होंने कई क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई है और देश की विकास यात्रा को समृद्ध बना रहे हैं। श्री मोदी ने पोर्ट ऑफ स्पेन में अविस्मरणीय स्वागत के लिए स्थानीय भारतीय समुदाय का आभार व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री के रूप में यह देश की उनकी पहली यात्रा है और 1999 के बाद से त्रिनिदाद और टोबैगो में प्रधानमंत्री स्तर पर यह पहली द्विपक्षीय यात्रा है। अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री त्रिनिदाद और टोबैगो की राष्ट्रपति क्रिस्टीन कार्ला कंगालू और प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर के साथ वार्ता करेंगे। प्रधानमंत्री त्रिनिदाद और टोबैगो की संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे। यह यात्रा दोनों देशों के बीच गहरे और ऐतिहासिक संबंधों को नई गति प्रदान करेगी।
