फ्रांस ने न्यू कैलेडोनिया के साथ एक ऐतिहासिक समझौते की घोषणा की है जिसके तहत दक्षिण प्रशांत महासागर के विदेशी क्षेत्र को एक नया राज्य घोषित किया जाएगा। पेरिस में कल हुई वार्ता के बाद हुए 13 पृष्ठों के इस समझौते में फ्रांसीसी गणराज्य के भीतर एक न्यू कैलेडोनिया राज्य के निर्माण का प्रस्ताव है, जिसे फ्रांसीसी संविधान में शामिल किया जाएगा, और फ्रांसीसी राष्ट्रीयता के साथ-साथ एक कैलेडोनियन राष्ट्रीयता का निर्माण भी प्रस्तावित है
इस समझौते में एक आर्थिक और वित्तीय सुधार समझौते का भी प्रावधान है जिसमें क्षेत्र की निकल प्रसंस्करण क्षमताओं का नवीनीकरण शामिल होगा। फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों द्वारा ऐतिहासिक बताए गए इस समझौते को अभी न्यू कैलेडोनिया में अंतिम मंजूरी मिलनी बाकी है। इस समझौते पर फरवरी में न्यू कैलेडोनिया के निवासियों द्वारा मतदान हो सकता है। फ्रांस ने 1850 के दशक में प्रशांत द्वीपसमूह का उपनिवेशीकरण किया था, और द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यह एक विदेशी क्षेत्र बन गया, जिसके तहत 1957 में सभी कनक लोगों को फ्रांसीसी नागरिकता प्रदान की गई। न्यू कैलेडोनिया में स्वतंत्रता के लिए अंतिम जनमत संग्रह 2021 में हुआ था।
