चंडीगढ़ । बर्थ-डे पार्टी के दौरान अचानक गैस सिलिंडर में जोरदार धमाका हो गया। धमाके की आवाज सुनते ही गांव में भगदड़ मच गई। कार्यक्रम में नाश्ता कर रहे महिला, व्यक्ति, बच्चे और बुजुर्ग समेत 20 से अधिक लोग आग में झुलस गए। आग में झुलसे लोग बचाव के लिए चिल्लाते रहे, मगर आग की लपटें काफी तेज थी। गांव के लोगों ने जैसे-तैसे आग पर काबू पाया। आनन-फानन में घायलों को करनाल के प्राइवेट अस्पताल में लाया गया। कुछ जख्मी लोगों का निगदू अस्पताल में ही इलाज चल रहा है। ये घटना हरियाणा के निगदू थाना क्षेत्र के भोला खालसा गांव की है।
जानकारी के अनुसार, भोला खालसा गांव में सोमपाल के 7 साल के लड़के विशाल का जन्मदिन था। सोमपाल का परिवार अपने बच्चे का जन्मदिन मनाने की तैयारी कर रहा था। खुशी का माहौल था। रिश्तेदार आ रहे थे। उनके लिए खाने का प्रबंध किया गया था। हलवाई सुबह से मेहमानों के लिए खाना बना रहा था। इस बीच अचानक सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ और सब सन्न रह गए। सिलेंडर के आसपास करीब 20-22 लोग थे, जो सिलेंडर के फटने से घायल हो गए।
