भारत और नेपाल के बीच गृह सचिव स्तर की वार्ता कल नई दिल्ली में हुई, जहाँ दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय सुरक्षा सहयोग के साथ-साथ सीमा प्रबंधन के संपूर्ण पहलुओं की समीक्षा की और इसे और मज़बूत करने पर सहमति व्यक्त की। भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व गृह सचिव गोविंद मोहन ने और नेपाली प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व गृह सचिव गोकर्ण मणि दुवादी ने किया। उनके विचार-विमर्श में सीमा स्तंभों की मरम्मत और रखरखाव, सीमा पार आपराधिक गतिविधियों, सीमा ज़िला समन्वय समितियों के कामकाज, सीमावर्ती बुनियादी ढाँचे, सड़कों और रेलवे नेटवर्क को मज़बूत करने, और आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन में सहयोग को मज़बूत करने के तरीकों से जुड़े मुद्दे शामिल थे। उन्होंने आपराधिक मामलों में पारस्परिक कानूनी सहायता पर समझौते के पाठ को अंतिम रूप दिए जाने का स्वागत किया और संशोधित प्रत्यर्पण संधि को जल्द से जल्द पूरा करने की दिशा में काम करने पर सहमति व्यक्त की।
