प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल उत्तर प्रदेश के वाराणसी दौरे के दौरान नौ करोड़ 70 लाख से अधिक किसानों को 20 हज़ार 500 करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित करके पीएम-किसान योजना की 20वीं किस्त जारी करेंगे। श्री मोदी लगभग दो हज़ार 200 करोड़ रुपये की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी करेंगे।
प्रधानमंत्री अपनी वाराणसी यात्रा के दौरान कई प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। वे वाराणसी-भदोही मार्ग और छितौनी-शूल टंकेश्वर मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण तथा मोहन सराय-अदलपुरा मार्ग पर भीड़भाड़ कम करने के लिए हरदत्तपुर में रेलवे ओवरब्रिज का उद्घाटन करेंगे।
पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए, श्री मोदी नदी तट पर स्थित आठ कच्चे घाटों के पुनर्विकास, कालिका धाम में विकास कार्यों और दुर्गाकुंड के जीर्णोद्धार एवं जल शोधन कार्यों का उद्घाटन करेंगे। वे कर्दमेश्वर महादेव मंदिर, सारनाथ और रामनगर अंचल में शहरी सुविधा केंद्रों के जीर्णोद्धार कार्यों, लमही में मुंशी प्रेमचंद के पैतृक घर के पुनर्विकास और संग्रहालय के रूप में उसके उन्नयन आदि कार्यों की आधारशिला रखेंगे। वे कंचनपुर में शहरी मियावाकी वन के विकास और शहीद उद्यान तथा 21 अन्य पार्कों के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण की भी आधारशिला रखेंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की पहुँच सुनिश्चित करने के लिए, प्रधानमंत्री जल जीवन मिशन के अंतर्गत 47 ग्रामीण पेयजल योजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री 53 स्कूल भवनों के उन्नयन का उद्घाटन करेंगे। वे कई शैक्षिक परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। श्री मोदी महामना पंडित मदन मोहन मालवीय कैंसर केंद्र और होमी भाभा कैंसर अस्पताल में रोबोटिक सर्जरी और सीटी स्कैन सुविधाओं सहित उन्नत चिकित्सा उपकरणों की स्थापना का उद्घाटन करेंगे। वे एक होम्योपैथिक कॉलेज और अस्पताल की आधारशिला भी रखेंगे। प्रधानमंत्री डॉ. भीमराव अंबेडकर खेल स्टेडियम में सिंथेटिक हॉकी टर्फ का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री दिव्यांगजनों और बुजुर्ग लाभार्थियों को 7,400 से अधिक सहायक उपकरण भी वितरित करेंगे।
