प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड रोमुअलडेज़ मार्कोस जूनियर के बीच आज नई दिल्ली में उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल वार्ता होगी। श्री मार्कोस भारत की पाँच दिवसीय राजकीय यात्रा पर हैं। विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने विश्वास व्यक्त किया है कि दोनों नेताओं के बीच बातचीत से द्विपक्षीय साझेदारी और भी मज़बूत होगी।
द्विपक्षीय वार्ता के दौरान, भारत और फिलीपींस व्यापार और निवेश, रक्षा और सुरक्षा, समुद्री सहयोग, कृषि, स्वास्थ्य सेवा, फार्मास्यूटिकल्स और डिजिटल प्रौद्योगिकियों पर ध्यान केंद्रित करते हुए द्विपक्षीय संबंधों के संपूर्ण पहलुओं की समीक्षा करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस की उपस्थिति में विभिन्न क्षेत्रों में कई समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर होने की भी उम्मीद है। आर्थिक जुड़ाव भारत-फिलीपींस द्विपक्षीय संबंधों का एक महत्वपूर्ण पहलू है। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 2023-24 में 3.5 बिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुँच गया। हाल के दिनों में, दोनों देशों के बीच रक्षा, सुरक्षा और समुद्री सहयोग का विस्तार हुआ है। फिलीपींस में आईटी, स्वास्थ्य सेवा, फार्मास्यूटिकल्स, कपड़ा, बुनियादी ढाँचा, रसायन, ऑटोमोबाइल और कृषि जैसे विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत भारतीय कंपनियों की उपस्थिति कई गुना बढ़ गई है। भूपेंद्र सिंह, आदर्श कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली के साथ।
