कांकेर, 8 अगस्त। बजरंग दल के नवनियुक्त प्रांतीय संयोजक शुभम नाग जिम्मेदारी मिलने के बाद आज शुक्रवार काे पहली बार कांकेर पहुंचने पर माकड़ी चौक पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद आयोजित सभा में प्रांतीय संयोजक ने संगठन को विस्तार देने, धर्मांतरण, गौ तस्करी और लव जिहाद जैसे मुद्दों को अपनी प्राथमिकता बताया । शुभम नाग ने कहा कि बस्तर भोले-भाली जनजातियों का क्षेत्र है, उनको बहलाकर फुसलाकर लालच, प्रलोभन देकर धर्मांतरण किया जाता है, हम मुख्य रूप से उन तक पहुंचेंगे। उनकी समस्याओं को सुलझाने का भी काम संगठन के माध्यम से करेंगे। समाज के साथ मिलकर समाज की कठिनाइयों को सुधारने का काम करेंगे, ताकि यह बस्तर मूल निवासियों का ही रहे। बजरंग दल धर्मांतरण को रोकने का काम मुखर होकर आगे बढ़ाएगा ।
मीडिया से चर्चा में शुभम नाग ने कहा कि बजरंग दल ने उन्हें इस योग्य समझा है। उन्हें संगठन का नेतृत्व करने का सौभाग्य मिला है। वे संगठन के आदेशों का पालन करते हुए मूलभूत मुद्दों पर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि वे धर्मांतरण, लव जिहाद और गौ तस्करी जैसे विषयों पर प्रथम रूप से काम करेंगे । वे शासन-प्रशासन और समाज विरोधी तत्वों से भी लड़ेंगे । उन्हाेने कहा कि हिंदू समाज को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है । बजरंग दल हिंदू समाज के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा । उन्होंने कहा कि कुछ समुदाय हिंदू समाज को तोड़ने और धर्मांतरण का काम कर रहे हैं। जो लोग धर्मांतरित हो चुके हैं, उन्हें सनातन संस्कृति में वापस लाने का प्रयास करेंगे ।
