भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) और श्रीलंका तटरक्षक बल (एसएलसीजी) के बीच कल नई दिल्ली में आठवीं उच्च-स्तरीय बैठक हुई। इस बैठक में समुद्री प्रदूषण से निपटने, समुद्री खोज एवं बचाव, तथा समुद्री कानून प्रवर्तन के क्षेत्रों में सहयोग को मज़बूत करने के साथ-साथ क्षमता निर्माण और तकनीकी सहायता पहलों को बढ़ाने पर चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने समकालीन समुद्री चुनौतियों का समाधान करने, साझा समुद्री क्षेत्र में सुरक्षा, संरक्षा और पर्यावरणीय प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व आईसीजी के महानिदेशक परमेश शिवमणि ने किया, जबकि श्रीलंकाई प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व एसएलसीजी के महानिदेशक रियर एडमिरल वाईआर सेरासिंघे ने किया। बैठक में परिचालन समन्वय को गहरा करने, सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने और निरंतर सहयोग के माध्यम से क्षेत्रीय समुद्री स्थिरता को और बढ़ावा देने के आईसीजी और एसएलसीजी के आपसी संकल्प पर ज़ोर दिया गया।
