जगदलपुर, 13 अगस्त । जिले में धर्मांतरण को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है, पूरा कांकेर जिला धर्मांतरण काे लेकर संवेदनशील जाेन बनता जा रहा है। उल्लेखनीय है कि लगभग 15 दिन पहले जिले के नरहरपुर विकासखंड में शव दफनाने को लेकर विवाद हुआ था, जिससे कानून व्यवस्था की स्थिति निर्मित हो गई थी। अब ताजा मामला कांकेर जिला मुख्यालय से लगभग 125 किलोमीटर दूर ताडोकी थाना क्षेत्र के हवेचूर गांव से आया है, जहां धर्मांतरित ईसाई समुदाय के लोग प्रार्थना सभा कर रहे थे । इसी बीच ग्रामीणों ने उन पर हमला बोल दिया, जिसमें कुछ लोग घायल हो गए हैं। घायलों को जिला मुख्यालय के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
इस मामले की शिकायत थाना ताडोकी एवं पुलिस अधीक्षक कांकेर से बुधवार काे की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि, ईसाई समाज के लोग उनकी आदिवासी नीति-रीति के विरोध में उतरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि वे गांव में पोलो आयोजित करते हैं, जिसमें गांव का कोई भी व्यक्ति मिट्टी से संबंधित कोई काम नहीं करता है, लेकिन ईसाई समाज के लोग ऐसा करते हैं। फिलहाल हवेचूर गांव में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और दोनों पक्षों में आक्रोश व्याप्त है।
