नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभर में चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सोमवार को एक तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया। इस रैली में बड़ी संख्या में ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने भाग लिया और देशभक्ति के रंग में रंगे नजर आए। बाइक सवार कर्मियों ने हाथों में तिरंगा लेकर राजधानी की सड़कों पर देशभक्ति का संदेश दिया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) सत्यवीर कटारा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे लिए एक गर्व का अवसर है और इसे लेकर दिल्ली पुलिस पूरी तरह तैयार है। हम स्वतंत्रता दिवस के लिए पूरी तरह तैयार हैं। यह एक महत्वपूर्ण त्योहार है और लोग इसमें उत्साह के साथ भाग लेते हैं। यह एक गौरवशाली अवसर है। पुलिस विभाग ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय रूप से भाग ले रहा है और इसके तहत कार्यालयों को भी देशभक्ति के रंग में सजाया गया है।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत दक्षिण-पूर्वी जिले की पुलिस ने एक भव्य तिरंगा रैली आयोजित की थी। इस रैली का नेतृत्व दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के डीसीपी डॉ. हेमंत तिवारी ने किया। रैली के माध्यम से पुलिस टीम ने देशभक्ति, अनुशासन और एकता का संदेश प्रसारित किया था।
