रायपुर:
देश के पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अवंती विहार स्थित अटल चौक पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि आज जब हम अपने नाम के साथ छत्तीसगढ़ लिखते हैं, तो यह स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की देन है। उन्होंने याद दिलाया कि जब संसद में अविश्वास प्रस्ताव आया था और अन्य दल वोट की व्यवस्था चाहते थे, तब अटल जी ने कहा था कि भले ही सरकार चली जाए, लेकिन सत्ता लोलुप लोगों से समझौता कर बनी सरकार को वे स्वीकार नहीं करेंगे। अटल जी ने कहा था, “मैं मृत्यु से नहीं डरता, मैं बदनामी से डरता हूं।” मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि स्व. वाजपेयी ने सदैव सिद्धांतों की राजनीति की।
इस कार्यक्रम में उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा और नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने भी अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम का संचालन राजकुमार राठी एवं मंजूल मयंक श्रीवास्तव ने किया, जबकि जिला महामंत्री सत्यम दुआ ने आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री जयंती पटेल, नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौर, किशोर महानंद, अंजय शुक्ला, राजीव चक्रवर्ती, ललित जयसिंह, गोपी साहू, भीमवंत निषाद, दलविंदर सिंह बेदी, राम प्रजापति, सुनील कुकरेजा, पार्षद प्रदीप वर्मा समेत कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
