प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दिल्ली में फिजी के अपने समकक्ष सिटिवेनी राबुका के साथ वार्ता करेंगे। श्री मोदी उनके सम्मान में दोपहर के भोजन का आयोजन करेंगे। श्री राबुका कल तीन दिवसीय भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुँचे। श्री राबुका का स्वागत शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार ने हवाई अड्डे पर किया। उनके साथ उनकी पत्नी सुलुएती राबुका भी हैं। प्रतिनिधिमंडल में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सेवा मंत्री रातू अटोनियो लालबालावु और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कल शाम गणमान्य अतिथि से मुलाकात की। प्रधानमंत्री राबुका की वर्तमान पद पर यह पहली भारत यात्रा है। फिजी के प्रधानमंत्री आज शाम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे। भारत-फिजी संबंध आपसी सम्मान, सहयोग और मज़बूत सांस्कृतिक व जन-जन संबंधों पर आधारित हैं। फिजी के प्रधानमंत्री की यह यात्रा भारत और फिजी के बीच दीर्घकालिक और स्थायी संबंधों को रेखांकित करती है।
यह सभी क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को और मज़बूत करने के लिए दोनों देशों की निरंतर प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है। वर्षों से, फिजी के एक प्रमुख विकास भागीदार के रूप में, भारत ने प्रमुख क्षेत्रों और क्षमता निर्माण के क्षेत्र में राष्ट्र निर्माण के प्रयासों में फिजी का समर्थन किया है। कृषि, क्षमता निर्माण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सूचना प्रौद्योगिकी, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, स्वच्छ ऊर्जा और मानवीय सहायता एवं आपदा राहत जैसे क्षेत्रों में विकास सहयोग, फिजी के साथ भारत की साझेदारी का एक प्रमुख स्तंभ है।
