रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चीन यात्रा की सराहना करते हुए इसे वैश्विक मंच पर भारत की कूटनीतिक और रणनीतिक उपस्थिति को मज़बूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। रक्षा मंत्री ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री की सफल चीन यात्रा उनके कूटनीतिक कौशल और भू-राजनीतिक ज़मीनी हक़ीक़तों को नया आकार देने और पुनर्संतुलित करने की भारत की क्षमता का प्रमाण है। श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री की यात्रा ने शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के साथ भारत के संबंधों को मज़बूत किया है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा विश्व समुदाय में भारत की स्थिति को और मज़बूत करेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को उनकी अत्यंत फलदायी चीन यात्रा के लिए बधाई दी।
