सरकार ने आज सभी भारतीय नागरिकों से रूसी सेना में शामिल होने के किसी भी प्रस्ताव से दूर रहने का आग्रह किया और इसे ख़तरों से भरा बताया। मीडिया के सवालों के जवाब में, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि ऐसी खबरें हैं कि हाल ही में भारतीय नागरिकों को रूसी सेना में भर्ती किया गया है। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि सरकार ने पिछले एक साल में इस तरह की कार्रवाई में निहित जोखिमों और ख़तरों को रेखांकित किया है और नागरिकों को तदनुसार आगाह किया है। श्री जायसवाल ने आगे बताया कि सरकार ने दिल्ली और मॉस्को दोनों जगहों पर रूसी अधिकारियों के साथ इस मामले को उठाया है और इस प्रथा को रोकने और भारतीय नागरिकों को रिहा करने का अनुरोध किया है। श्री जायसवाल ने आश्वासन दिया कि सरकार प्रभावित भारतीय नागरिकों के परिवारों के संपर्क में है।
