भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आज पूरे देश में सेवा पखवाड़ा मनाएगी। यह सेवा पखवाड़ा महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती 2 अक्टूबर तक चलेगा।
भाजपा ने कहा कि श्री मोदी ने पहले गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में और बाद में प्रधानमंत्री के रूप में, जनसेवा और सामाजिक सुधारों के महत्व को लगातार रेखांकित किया है। प्रधानमंत्री के जन्मदिन से लेकर गांधी जयंती तक, भाजपा, केंद्र और राज्य सरकारों के साथ मिलकर कल्याणकारी और जागरूकता गतिविधियों की एक श्रृंखला आयोजित करेगी।
सेवा पखवाड़े के दौरान, भाजपा ने विभिन्न विषयों पर आधारित विभिन्न कार्यक्रमों की योजना बनाई है ताकि समाज के हर वर्ग के लोग सक्रिय रूप से जुड़ सकें। इसमें सरकारी कल्याणकारी योजनाओं को गरीबों तक पहुँचाने, स्वच्छता को बढ़ावा देने, जल आपूर्ति सुनिश्चित करने और पर्यावरण संरक्षण अभियान चलाने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। सेवा पखवाड़े में सरकार के प्रमुख कार्यक्रमों, पर्यावरणीय पहलों और हाशिए पर पड़े वर्गों तक पहुँच को उजागर करने वाली गतिविधियाँ शामिल होंगी, जो प्रधानमंत्री के इस दृष्टिकोण के अनुरूप हैं कि राजनीति का उद्देश्य लोगों, विशेषकर गरीबों और वंचितों की सेवा करना है।
