डाक विभाग और भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने देश भर में बीएसएनएल की मोबाइल कनेक्टिविटी का विस्तार करने के लिए नई दिल्ली में एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। कल हस्ताक्षरित इस समझौता ज्ञापन का उद्देश्य डिजिटल खाई को पाटना, ग्रामीण परिवारों को मोबाइल सेवाओं से सशक्त बनाना और वित्तीय समावेशन एवं सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए डिजिटल इंडिया के व्यापक लक्ष्यों को आगे बढ़ाना है।
यह समझौता बीएसएनएल की दूरसंचार सेवाओं को, विशेष रूप से देश के सुदूरतम भागों में रहने वाले नागरिकों के लिए, अधिक सुलभ और किफायती बनाएगा। इसके तहत, डाक विभाग देश भर में बीएसएनएल सिम कार्डों की बिक्री के लिए अपने एक लाख 65 हज़ार से अधिक डाकघरों के डाक नेटवर्क का उपयोग करेगा। डाक विभाग, शहरी और ग्रामीण, दोनों ही क्षेत्रों में बीएसएनएल नेटवर्क की उपस्थिति बढ़ाने के लिए एक शक्तिशाली अंतिम-मील चैनल के रूप में कार्य करेगा।
