केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण (डीपीडीपी) नियमों को अंतिम रूप दे दिया गया है और आने वाले दिनों में प्रकाशन के लिए तैयार हैं। मंत्री ने यह बात इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के लोगो और प्रमुख गतिविधियों का शुभारंभ करते हुए कही। उन्होंने बताया कि इस संपूर्ण रूपरेखा को तैयार करने के लिए लंबे समय तक 3,000 से अधिक परामर्श आयोजित किए गए।
श्री वैष्णव ने कहा कि भारत में अभी 38 हज़ार GPU हैं और निकट भविष्य में और GPU उपलब्ध होंगे। उन्होंने बताया कि 500 से ज़्यादा डेटा और AI लैब्स के विस्तार से समावेशी विकास, लोकतांत्रिक तकनीक और AI व इलेक्ट्रॉनिक्स में वैश्विक नेतृत्व का मार्ग प्रशस्त होगा।
मंत्री महोदय ने आगे बताया कि देश में एआई मिशन ने अच्छी प्रगति की है और यह मिशन देश के विभिन्न क्षेत्रों में एआई सुविधाएँ प्रदान करने के लिए अच्छी गति से आगे बढ़ रहा है। मंत्री महोदय ने कहा कि अगले वर्ष भारत एआई इम्पैक्ट समिट की मेजबानी करेगा। श्री वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समिट का उद्घाटन करेंगे और विभिन्न देशों के कई शासनाध्यक्ष इसमें शामिल होंगे।
