अगर आपके फोन में गलती से पानी चला जाए, तो घबराने की बजाय सही कदम उठाना बहुत ज़रूरी होता है। एक छोटी सी लापरवाही आपके फोन को हमेशा के लिए खराब कर सकती है। अक्सर लोग जल्दबाज़ी में कुछ ऐसी गलतियां कर बैठते हैं, जो नुकसान को और बढ़ा देती हैं।
सबसे आम गलती जो इस स्थिति में देखने को मिलती है, वह है फोन को जल्दी सूखाने के लिए हेयर ड्रायर का इस्तेमाल करना। बहुत से लोग मानते हैं कि इससे फोन जल्दी सूख जाएगा, लेकिन असल में इससे नुकसान और बढ़ सकता है। हेयर ड्रायर की गर्म हवा फोन के अंदर लगे नाजुक पार्ट्स को पिघला सकती है या उन्हें खराब कर सकती है। साथ ही, गर्मी के कारण नमी पूरी तरह बाहर निकलने के बजाय फोन के अंदर ही फंस सकती है, जिससे फोन में जंग लगने की संभावना बढ़ जाती है।
अगर फोन में पानी चला गया है, तो इसके कुछ सामान्य संकेत होते हैं जैसे स्क्रीन के नीचे नमी दिखना, टच स्क्रीन का काम न करना, बटन का ठीक से फंक्शन न करना या फोन का बार-बार रिस्टार्ट होना। ऐसे संकेत मिलते ही तुरंत सावधानी बरतनी चाहिए।
सबसे पहले, फोन को तुरंत स्विच ऑफ कर देना चाहिए ताकि शॉर्ट सर्किट का खतरा न रहे। फिर सिम कार्ड, मेमोरी कार्ड और कोई अन्य एक्सेसरी हटा लें। इसके बाद फोन को किसी साफ और सूखे कपड़े से हल्के हाथों से पोछें और सूखने के लिए किसी हवादार जगह पर खुला छोड़ दें। अगर चाहें तो फोन को चावल के डिब्बे में भी रखा जा सकता है, क्योंकि चावल नमी को अच्छी तरह सोख लेता है।
ध्यान रखें कि फोन को सूखने से पहले चार्जिंग पर बिल्कुल न लगाएं। साथ ही, उसे झटका देने या बार-बार हिलाने से बचें, क्योंकि इससे पानी और अंदर जा सकता है। अगर फोन पूरी तरह सूखने के बाद भी ठीक से काम नहीं कर रहा है, तो बेहतर होगा कि किसी भरोसेमंद टेक्नीशियन को दिखाया जाए।
थोड़ी सी समझदारी और सही समय पर लिया गया एक छोटा-सा फैसला आपके फोन को खराब होने से बचा सकता है।
