नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शुक्रवार को कर्तव्य पथ पर आयोजित “विकसित भारत के रंग, कला के संग” कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चल रहे ‘सेवा पखवाड़े’ के अंतर्गत केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक किरेन रिजिजू और केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की उपस्थिति में हजारों युवाओं ने सफेद कैनवास पर भारत के भविष्य की तस्वीर उकेरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘विकसित भारत के रंग, कला के संग’ नाम जितना सुंदर है, उतना ही अद्भुत यह आयोजन भी है। उन्होंने कहा कि वास्तव में विकसित भारत युवाओं की जिम्मेदारी है कि वे कैसा भारत और कैसा भविष्य गढ़ना चाहते हैं। इस आयोजन के माध्यम से सेवा पखवाड़ा को जन-जन तक जोड़ने का जो प्रयास हुआ है, वह अत्यंत सराहनीय और ऐतिहासिक है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘यह देश किसी एक व्यक्ति का नहीं बल्कि हम सभी 140 करोड़ भारतीयों का है। इसलिए इसे किस स्वरूप में गढ़ना है और भविष्य में किस दिशा में आगे बढ़ाना है, यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।‘ उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने अद्वितीय नेतृत्व और अथक परिश्रम से भारत को पूरे विश्व मंच पर एक नई पहचान दिलाई है। आज भारत एक मजबूत, आत्मविश्वासी और वैश्विक सहयोग देने वाला राष्ट्र बनकर उभरा है।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि केवल प्रधानमंत्री का प्रयास ही पर्याप्त नहीं होगा। जब तक देश का हर नागरिक अपनी भूमिका को समझकर उसका निर्वहन नहीं करता, तब तक भारत के सपनों को साकार करना संभव नहीं है। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि आत्मनिर्भर भारत और विश्वगुरु भारत का निर्माण युवाओं के सक्रिय सहयोग से ही संभव है।
