रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मोरक्को के रक्षा मंत्री अब्देलतीफ लौदियी ने कल रबात में रक्षा सहयोग पर एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता ज्ञापन बढ़ती साझेदारी के लिए एक मज़बूत संस्थागत ढाँचा प्रदान करता है और रक्षा उद्योग, संयुक्त अभ्यास, सैन्य प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण में सहयोग का मार्ग प्रशस्त करता है। दोनों नेताओं ने रक्षा उद्योग में सहयोग बढ़ाने का निर्णय लिया और आतंकवाद-निरोध, समुद्री सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, शांति अभियानों, सैन्य चिकित्सा और विशेषज्ञों के आदान-प्रदान को शामिल करते हुए एक व्यापक रोडमैप पर सहमति व्यक्त की। दोनों मंत्रियों के बीच हुई चर्चाओं में भारत और मोरक्को के बीच दीर्घकालिक मित्रता को और मज़बूत करने के साझा संकल्प को दर्शाया गया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रबात में मोरक्को के व्यापार मंत्री श्री रियाद मेज़ूर से भी मुलाकात की। रक्षा मंत्रालय ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि बैठक के दौरान, श्री मेज़ूर ने भारत और मोरक्को के बीच दीर्घकालिक मित्रता से जुड़े औद्योगिक सहयोग को बढ़ाने के महत्व पर प्रकाश डाला। मंत्रालय ने आगे बताया कि चर्चा रक्षा, फार्मास्यूटिकल्स और रसायन सहित प्रमुख क्षेत्रों में साझेदारी को गहरा करने पर केंद्रित रही।
