रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज पटना जंक्शन से बिहार को सात ट्रेनें समर्पित करेंगे। इनमें से तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें और चार पैसेंजर ट्रेनें हैं। इस उद्घाटन समारोह में, श्री वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए शामिल होंगे। रेल मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि ये तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें मुजफ्फरपुर को चरलापल्ली, दरभंगा को मदार जंक्शन और छपरा को आनंद विहार टर्मिनल से जोड़ेंगी।
मध्यम वर्ग और आम लोगों के बीच एक लोकप्रिय ट्रेन के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुकी अमृत भारत एक्सप्रेस, वर्तमान में देश भर में 12 सेवाओं का संचालन करती है, जिनमें से 10 बिहार से चलती हैं। तीन और अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के शुरू होने के साथ, अमृत भारत ट्रेनों की कुल संख्या 15 हो जाएगी। साथ ही, चार नई यात्री ट्रेनें नवादा, इस्लामपुर, बक्सर और झाझा सहित प्रमुख शहरों को जोड़ती हैं। मंत्रालय के अनुसार, इन तीन नई ट्रेनों के शुरू होने से राज्य की कनेक्टिविटी और बेहतर होगी, जो एक विकसित बिहार के माध्यम से विकसित भारत के विजन को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
