रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि यूक्रेन में युद्ध समाप्त करने की ज़िम्मेदारी यूरोपीय देशों की है। कल शाम दक्षिण रूस के सोची में 140 देशों के सुरक्षा और भू-राजनीतिक विशेषज्ञों के अंतर्राष्ट्रीय वल्दाई चर्चा मंच को संबोधित करते हुए, राष्ट्रपति पुतिन ने नाटो के हवाई क्षेत्र में कई घुसपैठों को लेकर बढ़ते तनाव के बीच यूरोप के सैन्यीकरण का कड़ा जवाब देने का संकल्प लिया।
पुतिन के ये शब्द अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान के बाद आए हैं जिसमें उन्होंने कहा था कि यूरोपीय संघ के समर्थन से कीव, यूक्रेन को उसके मूल स्वरूप में वापस लाने के लिए लड़ने और जीतने की स्थिति में है। कुछ विशेषज्ञों ने ट्रंप के इन शब्दों को संघर्ष को सुलझाने की ज़िम्मेदारी से बचने की कोशिश माना।
