मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने केंद्रीय पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया है कि वे राजनीतिक दलों, उम्मीदवारों और मतदाताओं की शिकायतों के निवारण के लिए पूरी तरह से उपलब्ध रहें।
बिहार के आगामी आम चुनाव और कुछ राज्यों में उपचुनावों के लिए तैनात किए जाने वाले केंद्रीय पर्यवेक्षकों को जानकारी देते हुए श्री कुमार ने कहा कि चुनाव पर्यवेक्षक लोकतंत्र के प्रतीक हैं।
उन्होंने पर्यवेक्षकों को मतदान केन्द्रों का दौरा करने तथा मतदाताओं की सुविधा के लिए आयोग द्वारा हाल ही में की गई पहलों का कार्यान्वयन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
केंद्रीय पर्यवेक्षकों को सभी चुनाव कानूनों, नियमों और दिशानिर्देशों से परिचित होने, प्रत्यक्ष क्षेत्रीय इनपुट प्रदान करने और उनका सख्त और निष्पक्ष अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
नई दिल्ली में आयोजित बैठक में 287 आईएएस अधिकारी, 58 आईपीएस अधिकारी तथा अन्य सेवाओं के 80 अधिकारियों सहित 425 अधिकारियों ने भाग लिया।
स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराने में आयोग की सहायता के लिए आयोग केंद्रीय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति करता है। वे क्षेत्रीय स्तर पर चुनाव प्रक्रिया के कुशल एवं प्रभावी प्रबंधन की भी देखरेख करते हैं।
