प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि पीएम-सेतु योजना देश के युवाओं को दुनिया की कौशल मांगों से जोड़ेगी। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि इस योजना के तहत औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) का नेटवर्क तैयार किया जा रहा है ताकि मौजूदा उद्योग कौशल आवश्यकताओं को पूरा किया जा सके और अगले दस वर्षों में भविष्य की मांगों का अनुमान लगाया जा सके। श्री मोदी ने कल नई दिल्ली में कौशल दीक्षांत समारोह के दौरान पीएम सेतु योजना के शुभारंभ की घोषणा करते हुए यह बात कही। इस अवसर पर, श्री मोदी ने 62 हज़ार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न युवा-केंद्रित पहलों का अनावरण किया, जो देश भर में शिक्षा, कौशल और उद्यमिता को निर्णायक बढ़ावा देंगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि पीएम-सेतु योजना से देश भर के एक हज़ार से ज़्यादा आईटीआई को लाभ होगा क्योंकि उन्हें उन्नत किया जाएगा और आधुनिक मशीनें लगाई जाएँगी।
