नई दिल्ली। पिछले 11 वर्षों में आम आदमी पार्टी (आआपा) ने हिंदुओं के त्योहारों में बाधा डालकर और धार्मिक भावनाओं को आहत करके सत्ता का दुरुपयोग किया है। यह आरोप भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने लगाया।
वीरेंद्र सचदेवा ने साेशल मीडिया एक्स पर कहा कि दिल्ली में पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाकर हिंदुओं की परंपराओं का अपमान किया गया, जबकि छठ पूजा जैसे महापर्व को यमुना नदी किनारे मनाने से रोककर लाखों पूर्वांचलियों की आस्था को ठेस पहुंचाई।
सचदेवा ने कहा कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता परंपराओं का सम्मान बनाए रखते हुए प्रदूषण नियंत्रण का संतुलन है। उन्होंने कहा कि प्रमाणित ग्रीन पटाखों के उपयोग से न तो प्रदूषण बढ़ेगा और न ही धार्मिक भावनाएं आहत होंगी।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली सरकार ने सर्वोच्च न्यायालय से ग्रीन पटाखे चलाने की अनुमति देने की मांग की है पर इस पर सर्वोच्च न्यायालय जो भी फैसला देगा उसका भाजपा सरकार एवं दिल्ली की जनता सम्मान करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि दिल्लीवासी इस बार स्वच्छ, सुरक्षित वातावरण में खुशियों भरी जगमगाती दीवाली मना सकें। परंपराओं का सम्मान और प्रदूषण की रोकथाम, दोनों भाजपा की प्रतिबद्धता हैं।
उन्होंने आआपा को चेतावनी दी कि ग्रीन पटाखों के प्रस्ताव में भी राजनीति करने की बजाय प्रदूषण के असली कारणों जैसे पराली जलाना और सड़क निर्माण पर ध्यान दें।
