गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान कृषि मंत्री रवि नाइक का कल रात हृदयाघात से निधन हो गया। वह 79 वर्ष के थे। मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए नाइक को गोवा की राजनीति का एक ऐसा दिग्गज बताया, जिनकी दशकों की समर्पित सेवा ने राज्य के शासन पर अमिट छाप छोड़ी है।
अपने शोक संदेश में, डॉ. सावंत ने कहा कि नाइक के नेतृत्व, विनम्रता और जनकल्याण में उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने उनके परिवार, मित्रों और समर्थकों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की। रवि नाइक ने अपने राजनीतिक जीवन में मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया।
इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्य के कैबिनेट मंत्री रवि नाइक के निधन पर शोक व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि श्री नाइक को एक अनुभवी प्रशासक और समर्पित लोक सेवक के रूप में याद किया जाएगा जिन्होंने गोवा के विकास पथ को समृद्ध बनाया। श्री मोदी ने आगे कहा कि वह दलितों और हाशिए पर पड़े लोगों को सशक्त बनाने के लिए विशेष रूप से समर्पित थे। उन्होंने इस दुख की घड़ी में उनके परिवार और समर्थकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।
