नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पानी के घरेलू उपभोक्ताओं के लिए लेट पेमेंट सरचार्ज माफ योजना और अनधिकृत कनेक्शन नियमितीकरण योजना का मंगलवार को शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 31 जनवरी 2026 तक बकाया बिल के भुगतान पर 100 फीसद छूट का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि ये दोनों योजनाएं दिल्लीवासियों के लिए बड़ी राहत लेकर आई हैं और जल प्रबंधन प्रणाली को अधिक जनहितैषी और पारदर्शी बनाएंगी। सरकार ने अनधिकृत घरेलू उपभोक्ताओं के लिए पेनल्टी को 25,000 रुपये से घटाकर केवल 1,000 रुपये किया है, जबकि व्यावसायिक कनेक्शन के लिए इसे 61,000 रुपये से घटाकर 5,000 रुपये कर दिया गया है। यह कदम लाखों उपभोक्ताओं को भविष्य की योजनाओं और निर्बाध जल आपूर्ति से जोड़ने का मार्ग भी खोलेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली जल बोर्ड की व्यवस्था को पुनर्जीवित और आधुनिक बनाते हुए अब नई बिलिंग प्रणाली, पारदर्शी रेवेन्यू मैनेजमेंट और 34 नए डिवीज़न के गठन के माध्यम से राजधानी की जल वितरण व्यवस्था को अधिक सुगम, जवाबदेह और तकनीक-सक्षम बनाया जा रहा है।
इस अवसर पर दिल्ली के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह समेत कई प्रमुख लोग भी उपस्थित रहे।
