नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि ‘क्रिएटीव कैपिटल” कार्यक्रमों के तहत अगले 80 दिनों में राजधानी 30 से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजनों की मेजबानी करेगी, जिनमें दुनिया भर के कलाकार, प्रतिष्ठित हस्तियां और लाखों दर्शक शामिल होंगे। दुनिया के बड़े-बड़े कलाकारों के लाइव शो आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान ट्रेविस स्कॉट, मेसी, एकॉन, एपी ढिल्लो, किशन दास जैसे बड़े कलाकार दिल्ली में परफॉर्म करेंगे, इससे दिल्ली के पर्यटन को नई ऊंचाई मिलेगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने गुरुवार को दिल्ली सचिवालय में प्रेस कांफ्रेंस करते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने कभी इस दिशा में सोचा ही नहीं, हमारी सरकार ने आते ही इस पर काम किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली अब तेजी से इवेंट-फ्रेंडली सिटी और भारत की क्रिएटिव कैपिटल के रूप में उभर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने दिल्ली को इवेंट-फ्रेंडली बनाने के लिए अनेक ठोस कदम उठाए हैं। स्टेडियमों के शुल्क घटाकर, सुविधाओं को उन्नत बनाकर और सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से परमिशन प्रक्रिया को सरल बनाते हुए दिल्ली को विश्वस्तरीय आयोजनों के लिए तैयार किया गया है। यह पहल केवल संस्कृति और मनोरंजन तक सीमित नहीं है। यह पर्यटन को नई गति, रोजगार के नए अवसर और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई ताकत देने वाली पहल है। हर आयोजन के साथ होटल, परिवहन, खाद्य उद्योग, हैंडीक्राफ्ट, इवेंट मैनेजमेंट और स्थानीय बाजारों को भी नई ऊर्जा और पहचान मिलेगी।
कपिल मिश्रा ने कहा कि दिल्ली सरकार ने सबसे पहले स्टेडियमों की बुकिंग दरों को कम कराया, ताकि बड़े-बड़े कॉन्सर्ट्स, लाइव शो और कॉर्पोरेट इवेंट्स यहां करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव एंटरटेनमेंट और इकॉनमी को साथ लेकर चलने के उसी विजन को आगे बढ़ाते हुए दिल्ली सरकार ने एक रोडमैप तैयार किया है, दिल्ली में होने वाले इन इवेंट्स में दुनिया और देश के बड़े कलाकार दिल्ली आएंगे। इससे दिल्ली का पर्यटन में बढ़ोतरी होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार विरासत और परंपरा को साथ लेकर चल रही है। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों को भी कांवड़ा, रामलीला और छठ पूजा जैसी एकल विडो प्रणाली के जरिए अनुमित दी जाएंगी।
