केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत और अमेरिका अपनी व्यापार वार्ता में लगातार प्रगति कर रहे हैं। दूरदर्शन के साथ बातचीत में, श्री गोयल ने कहा कि दोनों पक्ष सक्रिय रूप से बातचीत कर रहे हैं और भारत तथा अमेरिका की टीमें बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम कर रही हैं। उन्होंने आगे कहा कि वाणिज्य सचिव ने हाल ही में अमेरिका का दौरा किया और अपने समकक्षों से मुलाकात की ताकि बातचीत को एक निष्पक्ष एवं समतापूर्ण व्यापार समझौते की ओर बढ़ाया जा सके।
श्री गोयल ने आशा व्यक्त की कि दोनों देश निकट भविष्य में इस तरह के समझौते पर पहुँच सकते हैं। केंद्रीय मंत्री वर्तमान में भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते और अन्य व्यापार-संबंधी मामलों पर चर्चा के लिए जर्मनी में हैं।
