गंडई/रायपुर, 24 जनवरी।परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम के लिए राजनांदगांव से पृथक हुए नवीन जिले खैरागढ़-छुईखदान-गंडई की छात्रा रश्मि प्रजापति का चयन आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल से हुआ है।
गंडई नगर के स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल की कक्षा नवमीं में पढ़ने वाली छात्रा रश्मि प्रजापति ने इस कार्यक्रम में सम्मिलित होने ऑनलाइन माध्यम से रजिस्ट्रेशन कराया और अवर कल्चर, अवर प्राइड विषय पर बेहतर आलेख लिखने की वजह से रश्मि का चयन इस कार्यक्रम के लिए किया गया है। रश्मि आज दिल्ली जाने के लिए रवाना हुई है। अपने चयन पर रश्मि का कहना है कि उसके मन में एजुकेशन से जुड़े काफी सारे सवाल है जो वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूछना चाहती हैं।
आगामी 27 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विद्यार्थी, शिक्षकों और अभिभावकों से रूबरू होते हुए परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इस कार्यक्रम में गंडई नगर की बेटी रश्मि भी प्रधानमंत्री से सवाल करती नजर आएगी। इस कार्यक्रम को स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में दिखाने के लिए स्कूल प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्था की गई है। रश्मि के चयन को लेकर प्राचार्य पवन कुमार का कहना है कि विद्यालय के लगभग 165 विद्यार्थियों और 17 शिक्षकों ने इस परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में शामिल होने अलग-अलग विषय पर आलेख लिखा था, जिसमें रश्मि का चयन हुआ है। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश से महज 2 विद्यार्थियों का चयन हुआ है।वहीं परीक्षा पे चर्चा” के तहत सोमवार को केन्द्रीय विद्यालय जगदलपुर में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं के बीच चित्रकला, पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें 100 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया है।
केन्द्रीय विद्यालय जगदलपुर के प्राचार्य संतोष कुमार पॉल ने बताया कि पिछले दो वर्षों में कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई में भी बाधा आई ।जिसके कारण परीक्षा के दौरान छात्र-छात्राओं में तनाव उत्पन्न हो जाता था। जिसे दूर करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विद्यार्थियों से परीक्षा के पूर्व ”परीक्षा पे चर्चा” करके छात्र-छात्राओं के तनाव को दूर करने का प्रयास करते हैं, जिससे परीक्षार्थी तनाव मुक्त होकर परीक्षा देते हैं।चित्रकला प्रतियोगिता के प्रतिभागी छात्र-छात्राओं ने दूरदर्शन से करते हुए कहा कि निश्चित रूप से परीक्षा का नाम आते ही हमारे मन में तनाव आ जाता है, लेकिन देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा परीक्षा के पूर्व हम विद्यार्थियों से परीक्षा के संबंध में चर्चा करते हैं तो तनाव कम हो जाता है।
