नई दिल्ली, 25 अक्टूबर । पूर्वांचल समाज के लोगों के निवेदन पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने शनिवार को यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन के पास स्थित बंद पड़े छठ पूजा घाट को पुनः शुरु करवाया। उन्होंने कहा कि इस घाट को 2020 में केजरीवाल सरकार ने बंद करवा दिया था।
बिहार जागरण मंच के संरक्षक एवं एनडीएमसी सदस्य दिनेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पूर्वांचलवासियों ने शुक्रवार को वीरेंद्र सचदेवा से मुलाकात कर घाट को फिर से शुरू करवाने का अनुरोध किया था। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने तुरंत क्षेत्रीय अधिकारियों से बात कर अनुमति दिलवाई और जेसीबी मशीन लगवाकर घाट निर्माण कार्य शुरू करवाया।
शनिवार सुबह वीरेंद्र सचदेवा स्वयं निर्माणाधीन छठ घाट पहुंचे, जहां उन्होंने सफाई श्रमदान में भाग लिया। उन्होंने कहा कि लक्ष्मी नगर, पांडव नगर और आसपास के क्षेत्रों में बसे बिहार समाज के लोगों की वर्षों पुरानी आकांक्षा आज पूरी हुई है। केजरीवाल सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक पर्वों में बाधा डालती थी, लेकिन भाजपा की रेखा गुप्ता सरकार जन-जन के पर्वों को उत्सव और उत्साह दे रही है।
दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि दिल्ली भाजपा अध्यक्ष एवं दिल्ली सरकार द्वारा छठ घाट पुनः चालू करवाने से पूर्वी दिल्ली के पूर्वांचल समाज में हर्ष और आभार का वातावरण है।
इस अवसर पर विधायक अभय वर्मा, एनडीएमसी सदस्य दिनेश प्रताप सिंह, शाहदरा जिला अध्यक्ष दीपक गाबा, पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष संतोष ओझा, पार्षद संदीप कपूर, नीलम नीतू चौधरी, रामकिशोर शर्मा सहित बड़ी संख्या में बिहार जागरण मंच के सदस्य मौजूद रहे।
