उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन कल सेशेल्स के नए राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। सेशेल्स की दो दिवसीय यात्रा पर आए श्री राधाकृष्णन ने सेशेल्स में मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम से भी मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान, उन्होंने दोनों देशों के साझा इतिहास और संस्कृति में निहित मज़बूत और स्थायी संबंधों पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने भारत-मॉरीशस द्विपक्षीय संबंधों को और मज़बूत बनाने के उपायों पर भी चर्चा की।
उपराष्ट्रपति ने सेशेल्स में प्रवासी भारतीयों को भी संबोधित किया। अपने संबोधन के दौरान, उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि सेशेल्स, वैश्विक दक्षिण की प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाते हुए, क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक और समग्र उन्नति – महासागर – के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने में एक महत्वपूर्ण भागीदार बना हुआ है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह पहल एक स्वतंत्र, खुले और सुरक्षित हिंद महासागर को सुनिश्चित करने के लिए भारत की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने सेशेल्स के लोगों के प्रति भारत के अटूट समर्थन को रेखांकित किया और दोनों देशों के बीच स्थायी साझेदारी की पुष्टि की।
