नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत को दुनिया का हरित ऊर्जा केंद्र बनाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में दिल्ली भी आज क्लीन और स्मार्ट ऊर्जा की तरफ बढ़ रही है। दिल्ली में रूफटॉप सोलर की 250 मेगावॉट से अधिक क्षमता अब तक विकसित हो चुकी है। 2027 तक 500 मेगावॉट क्षमता की तैयारी है। पीएम सूर्य घर- मुफ्त बिजली योजना के तहत सब्सिडी प्रक्रियाओं को सरल बनाने और आसान कनेक्शन देने की योजना पर दिल्ली सरकार कार्य कर रही है। यह बातें दिल्ली सरकार के समाज कल्याण एवं सहकारिता मंत्री रविंद्र इंद्राज ने दक्षिण दिल्ली स्थित किलोकरी में आयोजित एक कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन की आठवीं महासभा के सत्र भाग लेने आए वैश्विक प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कही।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने वैश्विक प्रतिनिधियों के साथ दक्षिण एशिया की सबसे बड़ी यूटिलिटी-स्केल स्टैंडअलोन बैटरी स्टोरेज सुविधा, किलोकरी स्थित बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली (बीईएसएस) का निरीक्षण भी किया।
समाज कल्याण मंत्री ने कहा कि दिल्ली में करोड़ों परिवार रहते हैं और गर्मियों में दिल्ली की अधिकतम बिजली मांग 8,000 मेगावॉट से भी अधिक हो जाती है। इन चुनौतियों के बावजूद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली में बिजली की अच्छी व्यवस्था देना और गांवों के अंतिम छोर तक बिजली की व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में कार्य हो रहा है।
समाज कल्याण मंत्री ने कहा कि दिल्ली के पास अन्य राज्यों के मुकाबले जमीन कम है, इसलिए यहां सोलर ऊर्जा और नई डिजिटल तकनीक से व्यवस्था मजबूत हो रही है। दिल्ली में रूफटॉप सोलर की 250 मेगावॉट से अधिक क्षमता अब तक विकसित हो चुकी है। वर्ष 2027 तक इसे 500 मेगावॉट करने की तैयारी है। हर छत को पावर प्लांट के रूप में देखने की दिशा में दिल्ली सौर नीति तैयार हो रही है। पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत सब्सिडी प्रक्रियाओं को सरल बनाने और जल्दी कनेक्शन देने की दिशा में भी कार्य हो रहा है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण कम करने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा और ईवी चार्जिंग की संख्या बढ़ाने की योजना पर भी लगातार कार्य हो रहा है। दिल्ली सरकार वर्ष 2030 तक सार्वजनिक परिवहन के 80 फीसद हिस्से को इलेक्ट्रिक करने के लक्ष्य पर कार्य कर रही है।
समाज कल्याण मंत्री ने कहा कि दिल्ली में डिजिटली इन्टेलिजेंट ऊर्जा सिस्टम को प्रोत्साहन मिल रहा है। उन्होंने बैटरी स्टोरेज, रूफटॉप सोलर और स्मार्ट ग्रिड से जोड़ने से संबंधित बीएसईएस के कार्यों की सराहना भी की। उनके द्वारा स्थापित जनकपुरी का डिजिटल वितरण डिवीजन, अन्य प्रदेशों के लिए भी मानक है।
मंत्री रविंद्र इंद्राज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के कुशल नेतृत्व में हम मिलकर दिल्ली को ग्रीन सिटी और विकसित दिल्ली बनाने का लक्ष्य हासिल करेंगे।
