नेपाल में गौरीशंकर ग्रामीण नगरपालिका-9 के रोलवालिंग क्षेत्र में यालुंगरी बेस कैंप में आज सुबह हुए हिमस्खलन में दो नेपाली गाइडों सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लापता हो गए। यालुंग री बागमती प्रांत के रोलवालिंग क्षेत्र में ग्रेट हिमालयन ट्रेल में एक ट्रैकिंग चोटी है, जो 5,630 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। हिमस्खलन में एक विदेशी पर्वतारोही और दो नेपाली गाइड मारे गए। टीम में नेपाली गाइडों के साथ 15 विदेशी पर्वतारोही थे। सूत्रों के अनुसार, बचाव अभियान में देरी हुई क्योंकि रोलवालिंग क्षेत्र हेलिकॉप्टरों की उड़ान के लिए निषिद्ध क्षेत्र है। नेपाली सेना, नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल की संयुक्त टीम द्वारा लापता लोगों की तलाश जारी है।
