भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में गरज के साथ छींटे पड़ने और तेज़ हवाओं का अनुमान लगाया है। आंध्र प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तेलंगाना और उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर भी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने अंडमान सागर, पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों और उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के आसपास के इलाकों में भी तेज़ हवाओं के साथ मौसम की भविष्यवाणी की है। इस बीच, मौसम एजेंसी ने दिल्ली-एनसीआर में कुछ जगहों पर हल्की बारिश का भी अनुमान जताया है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में वायु गुणवत्ता आज सुबह 7 बजे 309 दर्ज किए गए औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) के साथ बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग की उप-समिति ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में प्रतिबंधों के तहत ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP-2) पहले ही लागू कर दिया है।
AQI पैमाने के अनुसार, 0 से 50 के बीच का सूचकांक अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब और 301 से 400 के बीच बहुत खराब माना जाता है। 401 से 450 के बीच का AQI गंभीर श्रेणी में आता है।
