बैंकॉक स्थित भारतीय दूतावास और चियांग माई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने थाईलैंड के माई सोत से 26 महिलाओं सहित 270 भारतीय नागरिकों की भारत वापसी में सहायता की है।
यह अभियान थाई सरकार के सहयोग से चलाया गया और इसमें भारतीय वायु सेना की दो विशेष उड़ानें शामिल थीं। इन लोगों को थाई अधिकारियों ने देश में अवैध रूप से प्रवेश करने के बाद आव्रजन कानूनों का उल्लंघन करने के आरोप में हिरासत में लिया था।
बैंकॉक स्थित दूतावास ने कहा कि वे हाल ही में म्यांमार के म्यावड्डी से थाईलैंड पहुंचे थे, जहां वे कथित तौर पर साइबर घोटाला केंद्रों में कार्यरत थे।
थाईलैंड और म्यांमार में भारतीय मिशन म्यांमार में अभी भी मौजूद अन्य भारतीय नागरिकों की वापसी सुनिश्चित करने के लिए प्रयास जारी रखे हुए हैं, जो इसी तरह की गतिविधियों में शामिल हो सकते हैं।
दूतावास ने भारतीय नागरिकों से आग्रह किया है कि वे विदेश में नौकरी के प्रस्ताव स्वीकार करने से पहले विदेशी नियोक्ताओं और भर्ती एजेंटों की विश्वसनीयता की पूरी तरह से जांच कर लें।
