न्यूजीलैंड की अपनी आधिकारिक यात्रा के दूसरे दिन, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, संपर्क और सांस्कृतिक आदान-प्रदान बढ़ाने के लिए उच्च स्तरीय बैठकें कीं।
श्री गोयल और न्यूज़ीलैंड के व्यापार मंत्री टॉड मैक्ले ने भारत-न्यूज़ीलैंड सीईओ गोलमेज सम्मेलन की सह-अध्यक्षता की। श्री गोयल ने प्रौद्योगिकी, कृषि, शिक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, पर्यटन और स्थिरता के क्षेत्र में सहयोग के अवसरों पर ज़ोर दिया। उन्होंने न्यूज़ीलैंड के व्यवसायों को आपसी विकास के लिए भारत के साथ साझेदारी को और मज़बूत करने के लिए प्रोत्साहित किया।
रोटोरूआ जाते समय, श्री गोयल ने एयर न्यूज़ीलैंड के सीईओ निखिल रविशंकर से मुलाकात की और क्षेत्रीय और वैश्विक संपर्क बढ़ाने पर चर्चा की, साथ ही भारत के बढ़ते विमानन क्षेत्र और पर्यटन क्षमता पर भी प्रकाश डाला। माओरी संस्कृति और कला के राष्ट्रीय केंद्र, ते पुइया में, वाणिज्य मंत्री को पारंपरिक माओरी पोव्हिरी भेंट की गई।
श्री गोयल ने गर्मजोशी भरे आतिथ्य के लिए मंत्री मैक्ले को धन्यवाद दिया और भारत-न्यूजीलैंड संबंधों को और अधिक मैत्रीपूर्ण एवं समृद्ध बनाने के लिए दोनों देशों की प्रतिबद्धता की पुष्टि की।
