नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आआपा) के दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने मंगलवार को दिल्ली विस्फोट के पीड़ितों से लोकनायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल पहुंचकर मुलाकात की। उन्होंने सरकार की आलोचना करते हुए मृतकों के परिजनों को शव ले जाने के लिए एंबुलेंस न मिलने का मुद्दा उठाया।
भारद्वाज ने पत्रकारो से कहा संवेदना की कोई कीमत नहीं है यदि परिजनों की लाश के लिए सरकार एंबुलेंस भी ना दे पाए। दिल्ली के सबसे बड़े अस्पताल में सब ठीक चल रहा है लेकिन मृतकों के परिजनों को कहा जा रहा है कि शव पड़ा है आप खुद एंबुलेंस का इंतजाम कर लें, यह बड़ा दुखदायी है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की बात पर सरकार को इस बारे में चिंता करनी चाहिए।
भारद्वाज ने कहा कि घायलों से मुलाकात के बाद डॉक्टरों से बात की और ईश्वर से प्रार्थना है कि वे जल्द से जल्द स्वस्थ हों। सरकार ने कई बार कहा था कि यदि देश पर आतंकवादी हमला होगा तो उसे ‘युद्ध’ माना जाएगा। भारद्वाज ने मांग की है कि सरकार तुरंत मृतकों के परिजनों को एंबुलेंस, मुआवजा और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराए। यह वक्त राजनीति का नहीं, इंसानियत का है।
