नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर इलाके में पुलिस की सतर्कता और तुरंत कार्रवाई से एक व्यक्ति की जान बच गई। मामला सोमवार सुबह का है, जब नोएडा लिंक रोड पर बने माविला अपार्टमेंट्स के सामने झाड़ियों में एक व्यक्ति खून से लथपथ पड़ा मिला। मौके पर मौजूद पांडव नगर थाने की ईआरवी टीम ने न केवल घायल को अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई बल्कि कुछ ही घंटों में वारदात में शामिल 16 वर्षीय नाबालिग अपराधी को भी पकड़ लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से खून से सना चाकू बरामद किया है।
पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त अभिषेक धनिया ने मंगलवार को बताया कि 10 नवंबर की सुबह पांडव नगर थाने की ईआरवी टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने देखा कि माविला अपार्टमेंट्स के पास कुछ आवारा कुत्ते झाड़ियों में मंडरा रहे हैं। शक होने पर पुलिसकर्मी पास पहुंचे तो देखा कि एक व्यक्ति बेहोश पड़ा है और उसके पेट व सीने पर गहरे घाव हैं। पेट में लगे चाकू की चोट से उसकी आंतें बाहर आ चुकी थीं। पुलिस ने तुरंत घायल को एलबीएस अस्पताल पहुंचाया, जहां समय रहते इलाज मिलने से उसकी जान बच गई।
‘बीड़ी’ न देने पर वारदात को दिया अंजाम
पुुलिस उपायुक्त ने बताया कि जब घायल को होश आया तो उसकी पहचान कृष्ण साहनी (52) के रूप में हुई। कृष्ण ने पुलिस को बताया कि आरोपित उसका जानकार है। रविवार रात दोनों के बीच बीड़ी न देने को लेकर झगड़ा हो गया था। गुस्से में आरोपित ने घर जाकर चाकू लाया और उनके ऊपर हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपित ने उसे झाड़ियों में फेंककर फरार हो गया। इधर मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी मयूर विहार की देखरेख में एक टीम गठित की गई। टीम ने आरोपित की तलाश शुरू की और इलाके के सीसीटीवी फुटेज व स्थानीय स्रोतों की मदद से पता लगाया कि आरोपित शशि गार्डन के जवाहर मोहल्ला का रहने वाला है। सर्च ऑपरेशन के दौरान आरोपित को इलाके से दबोचा। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह स्कूल छोड़ चुका है और नशे की लत में पड़ गया है। नशे की हालत में उसने बीड़ी मांगने पर हुए झगड़े के बाद कृष्ण पर हमला किया था।
