जगदलपुर, 12 नवंबर । बस्तर जिले के आदिवासी विकास विभाग के अधीन संचालित विभिन्न छात्रावासों में हो रही गंभीर अनियमितताओं, अधीक्षकों की अनुपस्थिति, अवैध वसूली तथा गुणवत्ताहीन व्यवस्था को लेकर आज बुधवार काे युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप के नेतृत्व में युवा कांग्रेस पदाधिकारियों ने सहायक आयुक्त,आदिवासी विकास विभाग को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि अधिकांश छात्रावासों की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। अधीक्षक लगातार अनुपस्थित रहते हैं, जिससे छात्रावासों की दैनिक व्यवस्था पूर्णतः अस्त-व्यस्त हो चुकी है। विद्यार्थियों को भोजन, स्वच्छ पानी, स्वास्थ्य सुविधा, स्वच्छता एवं अध्ययन सामग्री जैसी मूलभूत आवश्यकताओं से वंचित रहना पड़ रहा है। छात्रावासों में परोसे जाने वाले भोजन एवं अन्य सामग्रियों की गुणवत्ता अत्यंत निम्न स्तर की है, जिससे विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ रहा है। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग गणेश सोरी ने ज्ञापन सौंपते हुए युवा कांग्रेस ने अपील किया है, कि शीघ्र जांच कर दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाए।
